मंच से लोगों को संबोधित करते सीएम याेगी आदित्यनाथ। श्रोत-सूचना कार्यालय
आजमगढ़। जनसभा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुरानी जेल की खाली पड़ी जमीन पर कन्वेंशन सेंटर बनाने के लिए एडीए के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा। सीएम की इस घोषणा के बाद जिले में पुरानी जेल की 12 एकड़ जमीन के संरक्षण के साथ ही लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया है। नगरपालिका के समीप स्थित कारागार के जर्जर होने के बाद इटौरा में नई जेल का निर्माण कर 2016 में बंदियों को इसमें शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद से यह जेल और इसकी 12 एकड़ जमीन खाली पड़ी रही। खाली पड़ी जमीन पर नगर पालिका ने अपना कलेक्शन सेंटर बना लिया। वहीं लोगों ने इसके अगल-बगल दुकानें लगाकर इस पर कब्जा शुरू कर दिया। वहीं जेल खाली होने के बाद इसमें लगे लोहे जंगले आदि को लोग उखाड़कर उठा ले गई। काफी दिनों से जिले के जनप्रतिनिधि इस जमीन पर पार्किंग, शापिंग कॉम्प्लेक्स, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आदि बनाने का प्रस्ताव शासन को देते रहे। कुछ लोगों ने इस जमीन पर पार्क बनाने का भी प्रस्ताव शासन को दिया। इस खाली पड़ी जमीन पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कई बार मुख्यमंत्री से मिलकर यहां पर पार्किंग और शापिंग कांप्लेक्स बनाने की मांग की थी। शनिवार को विवि में जनसभा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों के सारे कयासों पर विराम लगाते हुए जिला प्रशासन से जेल की खाली जमीन पर कन्वेंशन सेंटर निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा। एक कन्वेंशन सेंटर या सम्मेलन केंद्र बड़े सम्मेलनों, व्यापार मेलों, प्रदर्शनियों और कॉरपोरेट आयोजनों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया एक विशाल इमारत या परिसर होता है। यह केंद्र एक साथ हजारों लोगों के जुटने, नेटवर्किंग और व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए उपयुक्त होते हैं।