रानी की सराय। ब्लाक क्षेत्र के मझगावां में नपा द्वारा बनाए गए डपिंग ग्राउंड में आग लगने से हुए नुकसान और हो रही अन्य समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीण मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने शिकायती पत्र सौंप डपिंग ग्राउंड में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही डपिंग ग्राउंड अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो वे धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कोटवां के प्रधान काशीनाथ यादव ने बताया कि मझगांवा और कोटवा में नगरपालिका आजमगढ़ द्वारा डपिंग ग्राउंड बनाया गया है। जहां पूरे शहर का कूड़ा फेंका जाता है। बीते 26 अप्रैल को मझगांवा में नगरपालिका कर्मियों द्वारा सूखे कचड़े में आग लगा दी गई। जिसके कारण काफी हरे पेड़ जल गए। साथ ही उठ रहे धुंए से सांस लेने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने मंडलायुक्त को बताया कि जिस दिन आग लगी थी इसकी सूचना एसडीएम सदर, फायर बिग्रेड और नगरपालिका को दी गई। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करते हुए डपिंग ग्राउंड को अन्यत्र स्थापित किए जाने और आग लगाने के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस मौके पर हरिराम यादव, डा. अजय यादव, राजेश यादव, जितेंद्र यादव, रमेश प्रजापति, संदीप पांडेय, शिवबचन राजभर, प्रिंस यादव आदि ग्रामीण मौजूद थे।