गन्ना आयुक्त एवं जिले के नोडल अफसर सुभाषचंद्र शर्मा ने शनिवार को जिला अस्पताल का जायजा लिया। मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और ट्रामा सेंटर में लगाई जा रही टाइल्स में गड़बड़ी मिलने पर नाराजगी जाहिर की। टाइल्स को उखाड़कर मानक के अनुसार लगाए जाने के सख्त निर्देश दिए।
सुबह गन्ना आयुक्त का काफिला जिला अस्पताल पहुंचा। वार्डों में जाकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी हासिल की। एक मरीज ने एक ही सिरिंज से दो बार इंजेक्शन लगाने की शिकायत की। कई मरीजों ने समय से भोजन न मिलने और दवा बाहर से खरीदने की भी शिकायत की। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार लाने को कहा। अस्पताल की नर्सों ने आवास के सामने गंदगी, सीवर जाम होने और पेयजल की समस्याएं गिनाईं। इस पर उन्होंने मौके पर जाकर हाल जाना।
सीएमओ को तत्काल कमियों को दूर कराने को कहा। ट्रामा सेंटर के निरीक्षण के दौरान निम्न स्तर का टाइल्स लगाए जाने पर फटकार लगाई। कार्यदायी संस्था को तत्काल टाइल्स उखाड़कर दूसरा लगाने को कहा। साथ ही सीएमओ डा. काली प्रसाद को टीम बनाकर इसका निरीक्षण करने को कहा। कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश सीएमओ को दिया।
उधर, गन्ना आयुक्त ने 2013-14 में विकास खंड मिर्जापुर के लोहिया ग्राम डिघियाबारी का हाल जाना। नोडल अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय डिघियाबारी पर चौपाल लगाकर विकास योजनाओं 2013-14 की बिंदुवार समीक्षा की।