फूलपुर के कटार गांव में भट्ठे पर बंधक बनाकर रखे गए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मजदूर।
- फोटो : अमर उजाला
मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कटार गांव में एक भट्टे पर पिछले डेढ़ माह से छत्तीसगढ़ प्रदेश के बिलासपुर जिला के सोलह मजदूर को बंधक बनाकर काम करवाया जा रहा था।
शिकायत मिलने पर बुधवार को उपजिलाधिकारी अनिल सिंह और श्रमप्रर्वतन अधिकारी जयशंकर प्रसाद मय फोर्स के साथ भट्टे पर पहुंचे और बंधक बनाकर रखे मजदूरो को मुक्त कराया। उपजिलाधिकारी द्वारा की इस कार्यवाही से भट्टा मालिकों में हड़कंप मचा है।
ईट भट्टा मालिकों को ठेकेदार द्वारा मजदूर को काम करने के लिए उपलब्ध कराया जाता है। छत्तीसगढ़ प्रदेश के थाना मंसूरी स्थित किसान परसदा गांव के ठीकेदार मन्नू पुत्र बंसल ने 16 मजदूरों को इसमें 9 पुरूष और 7 महिला मजदूर को कटार ईट भट्टा मालिक को मानक के मुताबिक मजदूरी तय कर काम करने के लिए दिया था।
लेकिन भट्टा मालिक मजदूरों को वाजिब मजदूरी नहीं देता था। मजदूरों को प्रताड़ित करता था। यहां तक कि मजदूरो को बंधक बनाकर रखा था। सभी मजदूर छत्तीसगढ़ प्रदेश के बिलासपुर जिला के रहने वाले है।
मजदूरों ने इसकी शिकायत अपने ठेकेदार से की इस पर ठेकेदार मन्नू ने जिलाधिकारी आजमगढ़ और श्रमउपायुक्त से लिखित किया। इस संदर्भ में उपजिलाधिकारी अनिल सिंह ने कहा कि 16 मजदूरों को छापामार कर मुक्त किया गया है।
मजदूरो को सुरक्षा व्यवस्था के साथ उनके गृह गांव पहुंचाया जायेगा। भट्टा मालिक के खिलाफ गुरूवार को एफआईआर दर्ज कर कराई जाएगी।