लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के सरदौली गड़थौली बुढहानपुर केवटहिया गांव में शुक्रवार को दिन में लगभग एक बजे चूल्हे की चिंगारी से चार परिवारों की गृहस्थी जल कर राख हो गई। वहीं इस घटना में एक भैंस व 13 बकरियां जल कर मर गईं। जबकि एक भैंस झुलस गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
सरदौली गड़थौली बुढ़हानपुर केवटरिया गांव में शनिवार को किसी व्यक्ति के घर खाना बन रहा था। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से मंड़ई में आग लग गई। एक-एक कर आग ने गांव निवासी सुदर्शन, संत विजय, राधेश्याम व तिलकू के रिहायशी मंडईयों के साथ ही पशुशालाओं को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू होता तब तक चारों परिवारों की पूरी गृहस्थी ही जल कर राख हो गई। वहीं अगलगी की इस घटना में संत विजय की एक भैंस व 13 बकरियां भी जल कर मर गईं। जबकि एक अन्य भैंस गंभीर झुलस गई। फायर ब्रिगेड के नंबर पर कई बार संपर्क का प्रयास हुआ लेकिन एक भी बार फोन नहीं लगा। ग्रामीणों ने ही अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया।