बरदह थाना क्षेत्र के सतैनी गांव की रहने वाली 11 वर्षीय बच्ची शुक्रवार को पड़ोसियों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित पोखरी पर गई थी। वहां वह नहाने के लिए पोखरी में चली गई और डूब जाने से उसकी मौत हो गई। घंटों प्रयास के बाद शव पोखरी से निकाला गया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
सतैनी गांव निवासिनी पूजा राजभर (11) पुत्री सभाजीत शुक्रवार को पड़ोस की बच्चियों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित पोखरी पर गई थी। पोखरी पर पहुंचने के बाद गांव की बच्चियां नहाने लगी। अन्य बच्चियों को नहाता देख पूजा भी पोखरी में नहाने के लिए उतर गई। नहाने के दौरान वह पोखरी में डूब गई। साथ गई बच्चियों ने भाग कर घटना की सूचना गांव में दी। जिस पर ग्रामीण व परिजन मौके पर जुट गए। कुछ युवक पोखरी में उतर कर बच्ची की तलाश में जुट गए। इस बीच किसी ने सूचना पुलिस को भी दे दिया। सूचना पर बरदह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने बच्ची को घंटों बाद पोखरी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृतका तीन बहनों व एक भाइयों में दूसरे स्थान पर थी और कक्षा सात में पढ़ती थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।