13 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनौरा के मुख्य गेट पर बंद ताला। संवाद
बरदह। मार्टीनगंज के ग्राम बरौना स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति लगातार बनी हुई है। शुक्रवार को 11:30 बजे तक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट पर ताला बंद रहा। इस दौरान दवा लेने पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की तो करीब 12 बजे डॉक्टर केंद्र पर पहुंचे।
एक दशक पूर्व लोगों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए बरौना में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया। स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी कि अब उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए वर्तमान में यहां एक चिकित्सक, स्टॉफ नर्स सहित सात लोगों की तैनाती है पर यहां डॉक्टर सहित कर्मियों की अनुपस्थिति के चलते ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दवा लेने के लिए शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे स्थानीय शिवशंकर यादव, माधुरी, अजीत, आकाश, विकास और चंदन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लटका देखा। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मार्टिनगंज के स्वास्थ्य प्रभारी सहित जिला मुख्यालय पर की। इसके करीब एक घंटे बाद डॉक्टर भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस स्वास्थ्य केेंद्र की पूरी जिम्मेदारी स्टाफ नर्स अजय यादव संभालता है। अक्सर केंद्र बंद रहता है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सीएमओ और जिलाधिकारी से की है। मार्टीनगंज के प्रभारी आत्मा राम सिंह ने बताया कि डॉक्टर अवकाश पर थे लेकिन जब इसकी शिकायत की गई, तो मौके पर डॉक्टर पहुंच गए।