फरिहा। मोहम्मदपुर से मंदुरी जाने वाली सड़क पर स्थित फरिहा रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवर ब्रिज का निर्माण सर्वे के बाद ठप पड़ा है। जबकि इस रूट से 24 घंटे में करीब 16 से 18 ट्रेनों आना जाना रहता है। रेलवे क्रॉसिंग 16 से 18 बार बंद होती है, जिसमें मालगाड़ियों का भी आगमन रहता है। क्राॅसिंग बंद होने से राहगीरों के साथ ही मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हर बार ट्रेन गुजरने के लिए फरिहा रेलवे क्रॉसिंग को ट्रेन आने के 5 से 10 मिनट पहले बंद करना पड़ता है। ट्रेन जब तक गुजर ना जाए तब तक रेलवे क्रॉसिंग को बंद रखना पड़ता है। करीब 10 मिनट से लेकर 30 मिनट तक रेलवे क्रॉसिंग बंद रहती है जिससे लंबा जाम लग जाता है। एकाएक जाम छूटने पर फरिहा चौक पर कई घंटों तक जाम लगा रहता है। इस मार्ग से 24 लगभग 1200 वाहन आवागमन करते हैं।
कोई वैकल्पिक मार्क न होने से स्कूल वाहन, एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहन भी फंसते हैं। लंबे समय से यहां पर उठ रही ओवर ब्रिज की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ओबर ब्रिज का सर्वे विभाग द्वारा तो कर लिया गया लेकिन निर्माण कब होगा कुछ पता नहीं। इस सड़क पर लगातार जाम बढ़ता जा रहा है क्योंकि इसी सड़क पर निजामाबाद तहसील, निजामाबाद ब्लैक पाटरी, मंदुरी हवाई अड्डा और तमाम इंटर कॉलेज से लेकर, डिग्री कॉलेज भी स्थित हैं। इस मार्ग से वाराणसी, इलाहाबाद, जौनपुर, शाहगंज के वाहनों का आना जाना भी रहता है। लगन के सीजन में तो यह परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय निवासी मोनू विश्वकर्मा ने बताया कि मैं छात्र हूं परीक्षा देने इस रोड से जाते समय अक्सर रेलवे क्रॉसिंग बंद हो जाती है जिससे समय नुकसान होता है, हम लोग स्कूल समय से नहीं पहुंच पाते। इजहार अहमद ने कहा कि फरिहा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर आने-जाने में काफी दिक्कतें होती है। यहां पर ओवर ब्रिज बनाया जाए ताकि लोगों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो। फरिहा रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनाने के लिए सर्वे तो हुआ लेकिन अभी तक धन स्वीकृत नहीं हुआ है। इस कारण अभी तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। वर्तमान में इसकी क्या अपडेट है इसे पता करना पड़ेगा। - अशोक कुमार, जन संपर्क अधिकारी रेलवे, वाराणसी।
एक सप्ताह में फरिहा क्रासिंग से गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या
दिन गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या
सोमवार 15
मंगलवार 20
बुधवार 14
बृहस्पतिवार 10
शुक्रवार 16
शनिवार 17
रविवार 16
नोट : इसके अलावा मालगाड़ियों और इंजन बदलने के लिए भी यहां से गुजरते हैं। इसके कारण क्राॅसिंग बंद की जाती है।