बहुजन मुक्ति पार्टी ने मंगलवार को नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की शव यात्रा निकाली। कलेक्ट्रेट चौराहा, अंबारी चौक और फूलपुर तहसील के सामने ईवीएम का पुतला फूंका और मतदान में पुनः बैलेट पेपर के प्रयोग की मांग की गई।
बहुजन मुक्ति पार्टी की ओर से डा. अंबेडकर पार्क से निकाली गई ईवीएम की शवयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने ईवीएम का पुतला फूंका।
इस मौके पर दुर्गविजय यादव, लाल बहादुर त्यागी, धर्मेंद्र कुमार चौहान, हरेंद्र चौहान, उमेश कुमार, मनोज कुमार चौहान आदि मौजूद थे। अंबारी संवाददाता के अनुसार जिला संगठन सचिव अनिल सोनकर और विधानसभा फूलपुर/पवई अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बिंद के नेतृत्व में शवयात्रा निकाली गई।
मुस्तफाबाद से निकली शव यात्रा को अंबारी बाजार होते हुए माहुल रोड, दीदारगंज रोड, शाहगंज रोड, फूलपुर रोड पर घुमाया गया। बाद में कार्यकर्ताओं ने अंबारी चौक पर ईवीएम का पुतला फूंका। दूसरा पुतला फूलपुर तहसील के सामने फूंका गया।
जिला संगठन सचिव अनिल सोनकर ने कहा कि ईवीएम से चुनाव में अपनी जीत दर्ज कराने के लिए कांग्रेस एवं भाजपा ने महा घोटाला किया है। इसी घोटाले के माध्यम से दोनों ने सत्ता सुख का लाभ उठाया है।
यह मतदाताओं के साथ छलावा है। इसे बंद करके बैलेट पेपर द्वारा मतदान कराना चाहिए। इस मौके पर राजेंद्र प्रसाद, सूबेदार यादव, गोकुल नंदन, सुदामा देवी, मनका देवी, विमला देवी, चंद्रकेश आदि शामिल थे।
मालटारी संवाददाता के अनुसार नगर पंचायत जीयनपुर के सिनेमाहाल के पास से बहुजन मुक्ति पार्टी ने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा को पूरे नगर का भ्रमण कराते हुए सगड़ी तहसील गेट के सामने ईवीएम का पूतला फूंका। इस मौके पर जिलाध्यक्ष घनश्याम यादव, राजकुमार, श्यामकुंवर, सूर्यभान, मनमोहन गुप्ता आदि उपस्थित थे।