अहरौला। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के माध्यम से एक जालसाज ने राजापुर माफी गांव के एक युवक को 22 हजार का चूना लगा दिया। युवक ने फेसबुक पर 22 हजार की एक बाइक देखी और विक्रेता से फोन पर बात करने के बाद उसे पैसा भेज दिया लेकिन अब तक उसे बाइक नहीं मिली। पैसा डूबने की आशंका होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
अहरौला के राजापुर माफी गांव निवासी अमित कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने फेसबुक पर मुरादाबाद के रामनगला निवासी एक व्यक्ति की फेसबुक आईडी पर एक बाइक देखी जिसे बेचने के लिए 22 हजार की कीमत लगाई गई थी। फेसबुक आईडी पर दिए गए नंबर पर अमित ने फोन किया। बात फाइनल होने पर उसने 22 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से विक्रेता को भेज दिया। इसके बाद विक्रेता ने भी रेलवे ट्रांसपोर्ट की बिल्टी के साथ ही अन्य डाक्यूमेंट मोबाइल पर भेजा और जल्द बाइक पहुंचने की बात कही। धीरे-धीरे काफी समय हो गया लेकिन अब तक बाइक नहीं मिली। वहीं अब विक्रेता को फोन करने पर वह कहता है कि तुम्हारे पैसे की हम बिरयानी खा गए और पैसा वापस करने से मना कर दिया। जालसाजी का शिकार होने की जानकारी पर पीड़ित ने तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।