अंबेडकरनगर जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र के सुखीपुर मोड़ के पास सोमवार की सुबह पेड़ से टकराकर कार पलटने की घटना में मंगलवार को एक और किशोर अब्दुल्ला की भी मौत हो गई। अन्य दो घायलों का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों को नमाजे जनाजा के बाद सुपुर्देखाक कर दिया गया। हादसे में सोमवार को मौके पर तीन युवकों की मौत हो गई थी।
बताते चलें कि अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बा निवासी अबूशाद कुरैशी रविवार को दिल्ली से नई स्विफ्ट कार लेकर आए। सोमवार को उनका पुत्र अबू सुजान अपने दोस्तों अब्दुल हफीज, फईम, अनश, अबू तालिब, अब्दुल्ला के साथ गाड़ी सीखने के लिए निकल पड़ा। गांव से छह किलोमीटर की दूरी पर सुखीपुर मोड़ के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खाईं में पलट गई।
इसमें अब्दुल हफीज और फईम की मौके पर ही मौत हो गई। अनश की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई थी। वहीं इस घटना में घायल तीन अन्य लोगों को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को घायलों में से एक अब्दुल्ला की भी मौत हो गई। वहीं दो घायल अबू सुजान और अबू तालिब की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में अब्दुल हफीज पुत्र असद अली चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई बाहर रह कर कमाते हैं।
मृतक फहीम पुत्र तस्लीम दो भाइयों में छोटा था और उसके पिता बाहर रहते हैं। अनस पुत्र निसार दो भाइयों में छोटा है, उसके पिता और भाई बाहर रहते हैं। अब्दुल्ला पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके पिता और दो भाई बाहर रहते हैं।
शोक में दूकानें रहीं बंद : सुखीपुर मोड़ के पास सोमवार को हुई कार दुर्घटना में जिले के फूलपुर थानाक्षेत्र के माहुल निवासी चार युवकों की मौत पर माहुल में शोक छाया रहा। शोक में व्यापारियों ने मंगलवार को अपनी दूकानें बंद रखीं। इस हृदय विदारक घटना से हर कोई मर्माहत दिखा। कस्बे के कुरैशी चौक की सारी दुकानें बंद रहीं। मृतकों के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। परिवार के लोगों का रूदन सुन हर किसी की आंखें नम थीं। क्षेत्र के स्कूल शोकसभा कर उन्हें बंद कर दिए गए।