मंदुरी में फोरलेन का काम रोककर नारेबाजी करते ग्रामीण।
नेशनल हाईवे पर मंदुरी में कराए जा रहे फोरलेन निर्माण कार्य को गुरुवार की सुबह किसानों ने रोक दिया। किसानों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि मुआवजे का भुगतान किए बगैर ही फोरलेन का निर्माण हो रहा है। जब तक मुआवजे का भुगतान नहीं होगा हम निर्माण नहीं होने देंगे। इसकी जानकारी होते ही नायब तहसील अखिलेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने चार दिनों में मुआवजे का भुगतान कराने का आश्वासन देकर किसानों का प्रदर्शन समाप्त कराया।
नेशनल हाइवे पर चल रहे फोरलेन निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई भूमि का अभी मुआवजा किसानों को नहीं दिया गया है। जबकि फोरलेन निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया। जिले के किसान मुआवजा न मिलने की शिकायत शुरू से ही करते रहे। इसी क्रम में गुरुवार को कन्धरापुर, कुआं देवचंदपट्टी, मंदुरी, हिच्छनपट्टी सहित कई गांवों के किसानों ने हाइवे पर फोरलेन निर्माण को रोककर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
किसानों ने आरोप लगाया कि सारे दस्तावेज जमा किए हुए उन्हें दो साल हो गए, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया। कर्मचारियों की ओर से फाइलों को दोबारा जमा कराने के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। किसानों ने कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक वे काम नहीं होने देंगे। किसानों की प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार सगड़ी अखिलेश कुमार मौके परपहुंच गए।
उन्होंने किसानों से कहा कि जिन किसानों का सहमति पत्र मिल चुका है उन्हें चार दिनो के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा। साथ ही जिन किसानों का सहमति पत्र नहीं मिला है ऐसे किसानों के लिए क्षेत्र के मालवीय इंटर कालेज कंधरापुर में कैंप लगाकर निस्तारण कराया जाएगा। इस मौके पर प्रकाश रंजन राय, श्यामू यादव, सर्वेश यादव, रामसकल यादव, गुड्डू यादव, संदीप कुमार, जर्नादन यादव, पल्टू, रामलगन गुप्ता, केदार नाथ, पतिराम आदि उपस्थित थे।