आजमगढ़। कोरोना संक्रमण के विकट दौर में भी यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्रों की संख्या सिर्फ छह ही बढ़ी है, यह काम परीक्षार्थियों के बीच शारीरिक दूरी का अनुपालन करते हुए किया गया है। बोर्ड ने 286 परीक्षा केंद्रों की सूची जिले को भेज दी है, ताकि उन पर आपत्तियां लेकर प्रक्रिया पूरी की जा सके। केंद्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन 22 फरवरी को वेबसाइट पर होगा।
जिले में इस बार एक लाख 95 हजार 896 छात्र पंजीकृत हैं। जिसमें हाईस्कूल के एक लाख चार हजार 137 व इंटर मीडिएट में 91 हजार 759 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए विद्यालयों को केंद्र बनाना है। 25 जनवरी को माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने परीक्षा केंद्रों की सूची को सार्वजनिक कर दिया है। कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार केंद्रों की संख्या दोगुनी होने तक का अनुमान था, क्योंकि दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वालों की तादाद पिछले वर्ष से अधिक है। जिसके कारण इस बार छह परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं। केंद्र निर्धारण के लिए 30 जनवरी तक आपत्तियां ली जाएंगी।