अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान।
अतरौलिया। थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ तीन घरों में चोरी की। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय सभी परिवारों के लोग घर के अंदर सो रहे थे और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सेवानिवृत्त सैन्य कर्मचारी ध्रुव नारायण सिंह, लाल बहादुर सिंह और संगीता सिंह (पत्नी गुलाब सिंह) के घरों को निशाना बनाया। तीनों घरों से कुल मिलाकर करीब 20 से 25 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का अनुमान है। पीड़ितों की मानें तो चोरों ने घर के अंदर नशीले पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे सभी लोग गहरी नींद में सोते रहे। सर्वेश राज सिंह ने बताया कि घटना परिवार के तीन घरों में हुई और किसी को रात में कोई आहट तक नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक न तो डॉग स्क्वॉड बुलाया गया और न ही फॉरेंसिक टीम पहुंची।
पीड़ित आकाश सिंह ने बताया कि रात करीब 1 से 3 बजे के बीच चोर मुख्य दरवाजे से घर में घुसे और मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, पायल सहित नकदी लेकर फरार हो गए। इसके बाद अन्य दो घरों में भी इसी तरह चोरी की गई। संगीता सिंह ने बताया कि सुबह उठने पर दरवाजे खुले मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। वहीं लाल बहादुर सिंह ने कहा कि निर्माणाधीन मकान का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और बक्सों सहित कीमती सामान उठा ले गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी का है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।