प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ सोमवार को विभिन्न संगठन के शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया। इस दौरान शिक्षक संघो के पदाधिकारी चारों मूल्यांकन केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट द्वारा मूल्यांकन बहिष्कार का पूर्ण समर्थन किया गया। मंडलीय मंत्री वशिष्ट सिंह के नेतृत्व में ध्रुवमित्र शास्त्री, रामबिहारी सिंह, प्रभाकर राय, रवींद्रनाथ राय, मुन्नू यादव, सुरेंद्र प्रताप राय, अनिल चतुर्वेदी ने चारों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने मूल्यांकन बहिष्कार के लिए शिक्षकों को बधाई दी। भ्रमण के बाद राजकीय बालिका इंटर कालेज में शिक्षकों के साथ बैठक की गई और मांगें पूरी होने तक बहिष्कार को जारी रखने का निर्णय लिया गया। वहीं, चेतनरायन गुट द्वारा शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया गया।
राजकीय बालिका इंटर कालेज में संघ के प्रांतीय मंत्री नरेंद्र सिंह, वेस्ली इंटर कालेज में जिलाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, निस्वां इंटर कालेज में जिलामंत्री राजेश कुमार राय और शिब्ली इंटर कालेज में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश पांडेय के नेतृत्व में शिक्षकों का दल मूल्यांकन बहिष्कार को सफल बनाने में लगा हुआ था।
वहीं, मूल्यांकन बहिष्कार को सफल बनाने के लिए उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा भी जुटा हुआ था। प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य शैलेश राय के नेतृत्व में शिक्षकों ने सभी मूल्यांकन केंद्रों का दौरा किया। राजकीय बालिका इंटर कालेज में बैठक की गई। जिसमें मांगें पूरी होने तक मूल्यांकन बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया। वहीं, उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ रामजन्म सिंह गुट ने प्रांतीय अध्यक्ष रामजन्म सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने मूल्यांकन केंद्रों का दौरा किया।