जिले में कई स्थानों पर छतों के ऊपर से बिजली के तार गुजरे हैं। विभाग ने तार को शिफ्ट नहीं कराया है। गर्मी बढ़ते ही लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जिले में सात लाख उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं को छह वितरण खंडों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। छतों के ऊपर से गुजरे विद्युत तार से हादसे का डर है। लोग छत वाली सीढ़ी के दरवाजे को हमेशा बंद रखते हैं।
मेंहनगर,तरवा, देवगांव, बूढ़नपुर, सगड़ी, मुबारकपुर आदि स्थानों पर तार शिफ्ट नहीं किए गए हैं। शहर के तिवारीपुर, सम्मोपुर में तो 33 केवी की लाइन कई लोगों की छतों के ऊपर से गई है। छतवारा के चकिया में भी छत के ऊपर से विद्युत तार गया है। क्षेत्र में एक घर की बाउंड्रीवाॅल में ल्रगे खंभे में विभाग ने ट्रांसफार्मर तक बैठा दिया है। बरदह क्षेत्र के जिवली गांव में पन्नालाल गुप्ता के घर के ऊपर से विद्युत तार गया है।
मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान विभाग ने बिजली के खंभों को सड़क किनारे शिफ्ट किया। इससे उनका मकान विद्युत तार की जद में आ गया। पन्नालाल ने विद्युत तार को दूसरी ओर शिफ्ट करने के लिए विभागीय अधिकारियों से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।