राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स के सलामी और मार्चपास्ट से हुई। छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ भविष्य के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है।
पेट के कीड़े शरीर में पोषक तत्वों को प्रभावित करते हैं, जिससे कमजोरी, खून की कमी और शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास विभाग की टीमों को आपसी समन्वय से अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहे।
उन्होंने अभिभावकों से भी अभियान में सहयोग की अपील की। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि जिले के सभी 22 विकासखंडों में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के 23,19,973 बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के लिए 4,280 आशा कार्यकर्ताओं, 5,588 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा 3,079 राजकीय और 3,054 निजी विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है। सीएमओ ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस के दौरान दवा खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय, डॉ. अब्दुल अजीज, डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेंद कुमार, डॉ. मोहनलाल, डिप्टी सीएमओ एवं एनडीडी नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश झा, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रधानाचार्या रूबी खातून, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार आदि मौजूद रहे। सभी आगंतुकों का स्वागत नोडल एनडीडी डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा ने किया।