अहरौला। थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार में संचालित एक ढाबे पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे खाना मांगने आए दो युवकों को ढाबा संचालक ने खाना खत्म होने की बात कही। खाना देने से मना करने पर युवकों ने अपने एक अन्य साथी को बुलाया और तीनों ने मिलकर ढाबा संचालक पर हमला कर दिया। हमले में ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी आंख में गहरी चोट आई है।
पीड़ित ढाबा संचालक उपेंद्र सिंह (40) जो अहरौला थाना क्षेत्र के बहेरा गांव के निवासी हैं और भाजपा के बूथ अध्यक्ष भी हैं, शाकाहारी एवं मांसाहारी ढाबा चलाते हैं। उनका आरोप है कि रात में ढाबा बंद करके घर जा रहे थे तभी मोटरसाइकिल पर दो युवक पहुंचे और जबरदस्ती खाना मांगा। खाना खत्म होने और ढाबा बंद होने की बात कहने पर युवकों ने फोन करके अपने तीसरे साथी को बुलाया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला करके भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। शनिवार सुबह उपेंद्र सिंह ने अहरौला थाने में पहुंचकर एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आंख की गंभीर चोट के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अहरौला अमित मिश्रा ने बताया कि उपेंद्र सिंह की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।