मालटारी। नगर पंचायत अजमतगढ़ के महादेव मुहल्ले में सोमवार की दोपहर करेंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। घटना से नाराज साथी सहित गांव के लोगों ने अजमतगढ़-नदवा सराय मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। मजदूर की पत्नी को पंद्रह लाख रुपये मुआयना देने की मांग करने लगे। जीयनपुर कोतवाली पुलिस काफी देर तक मान मनौव्वल करती रही। करीब तीन घंटे बाद नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद लोग जाम हटाने को राजी हुए।
मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के कटिहारी गांव निवासी राजू राम (35) जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ नगर पंचायत में स्थित बहन के घर रह कर आसपास मजदूरी करता था। सोमवार को राजू महादेव नगर मुहल्ले में स्थित पोखरी के सौंदर्यीकरण के लिए तैयार की जा रही सीढ़ियों के निर्माण में लगा था। यह कार्य एक ठेकेदार करवा रहा है। दोपहर करीब ढाई बजे राजू बगल में स्थित टूल्लू पंप से पानी लेने गया और करेंट की चपेट में आ गया। थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। इससे नाराज बाकी के मजदूर गांव वालों की मदद से शव लेकर अजमतगढ़-नदवासराय मार्ग पर आ गए और वहां जाम लगा दिया। जीयनपुर कोतवाली के एसएसआई राकेश सिंह जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे थे। लेकिन ग्रामीण बिना मुआवजा मिले शव हटाने को तैयार नहीं थे। इधर जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। शाम को छह बजे नायब तहसीलदार मिश्री लाल चौहान के नियमानुसार मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद लोग जाम हटाने को तैयार हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।