सरायमीर। राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल आजमगढ़ यूनिट की बैठक रविवार को राहत स्कूल सरायमीर में जिला अध्यक्ष शकील अहमद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी जिला पंचायत चुनाव में हिस्सा लेने सहित संगठन को मजबूत बनाने आदि मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही 19 सितंबर को बटला हाऊस एनकाउंटर की बरसी पर प्रदर्शन और किए गए पिछले कार्यों पर चर्चा की गई।
प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव मौलाना ताहिर मदनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पूरी तरह से विफल है। देश आर्थिक मंदी के नीचले स्तर पर जा रहा है। हर तरफ जुल्म, अत्याचार, चोरी और भय का माहौल है। विपक्ष नाम की कोई चीज ही नही है। 19 सितंबर को बटला हाउस फर्जी इंकाउंटर की 11वीं बरसी पर कौंसिल इस बार भी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के घर का घेराव कर प्रदर्शन करेगी और न्यायिक जांच की मांग करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अनिल सिंह ने कहा कि पार्टी आगामी जिला पंचायत का चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी, हर जगह अपने प्रत्याशी उतारेगी। एमआईएम निजामाबाद अध्यक्ष यूसुफ शेख ने अपने दर्जनों साथियों के साथ कौंसिल की सदस्यता ली। उन्हें निजामाबाद यूथ का विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संचालन मास्टर तारिक ने किया। मो. आरिफ, कमाल नासिर, अशरफ़ इस्लाही, अदनान, मो. आमिर, इश्तेयाक अहमद, रहीम, अशरफ इस्लाही, शाह मोहम्मद, मोशीर अहमद, परवेज अहमद, बीरबल प्रसाद, अतीक अहमद, आरिज, गालिब आदि उपस्थित रहे।