आजमगढ़। सिधारी शारदा तिराहा स्थित वीर एकलव्य घाट पर मंदिर निर्माण व प्राचीन मंदिर की सुरक्षा के मुद्दे पर बुधवार को मुहल्ले वासियों की बैठक हुई। घाट पर बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में मंत्री व सांसद का घेराव करने का निर्णय लिया गया।
एकलव्य घाट पर प्राचीन मंदिर है, यह मड़या मोहल्ले वालों के आस्था का केंद्र है। तमसा नदी तट पर इस मंदिर के दोनों तरफ नगर पालिका ने अमृत योजना के तहत पार्क का निर्माण कराने की योजना बनायी है। शासन से बजट भी आ चुका है।
पिछले वर्ष बाढ़ के चलते मंदिर की चहारदीवारी टूट गई थी। आस्था को देखते हुए छठ पूजा समिति के लोगों ने टूटी हुई चहारदीवारी का निर्माण शुरू कराया। इस पर नपा प्रशासन ने नोटिस भेज कर मंदिर की जमीन को पार्क की जमीन बताते हुए निर्माण को अवैध घोषित कर दिया। इसके बाद से ही मुहल्ले के लोग मंदिर की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं।
कुछ दिन पूर्व सभासद मुखराम निषाद ने सांसद दिनेश लाल यादव से मिलकर मंदिर की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। वहीं सांसद ने मंदिर के साथ पार्क स्थापित कराने का आश्वासन भी दिया था। बृहस्पतिवार को मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद व सांसद दिनेश लाल यादव का एकलव्य घाट पर एक कार्यक्रम है। इस दौरान मंत्री व सांसद का घेराव करने का मुहल्ले वासियों ने निर्णय लिया है।
बुधवार को आयोजित बैठक में विनय निषाद, छोटे निषाद, केदार निषाद, पलटन निषाद, सुधाकर निषाद, हवलदार निषाद, सुभाष निषाद, लालचंद निषाद, विजय चौधरी, सोनू चौधरी, बंटी चौधरी समेत काफी संख्या में मुहल्लेवासी मौजूद रहे।