आजमगढ़। दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर में संचालित सभी कोर्ट संचालित होंगी। इसके कारण एक बार फिर से चहल पहल लौटेगी। वहीं डीएम की ओर से डाला छठ को लेकर सोमवार को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इसके कारण कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन का अवकाश रहेगा।
दीवानी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता और पूर्व सहमंत्री केके पांडेय ने बताया कि अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट और कुछ अदालतों द्वारा अधिवक्ताओं के खिलाफ लिए गए गलत निर्णय को लेकर हम लोगों ने लखनऊ में प्रदर्शन किया। हम लोग पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा भवन तक पहुंच गए। वहां हमने एडीजी बबलू कुमार को पत्रक सौंपा। शुक्रवार को संघ सभागार में बैठक की जाएगी। इसमें अधिवक्ताओं को धरने के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद जो निर्णय सर्वसम्मति से होगा, उस पर अमल किया जाएगा।