फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कमेटी बनाकर कराई जाए योजनाओं के पात्रों की जांच : संजय निषाद

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। जनपद के प्रभारी मंत्री डा. संजय निषाद की अध्यक्षता में शुक्रवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मंत्री द्वारा विभाग वार विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने कमेटी बनाकर योजनाओं के पात्रों की जांच करने और बाढ़ से पूर्व सारी तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। मंत्री डा. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला कल्याण योजना के पात्रों की जांच एक कमेटी बनाकर कराया जाए। पात्र व्यक्तियों को शत प्रतिशत योजना का लाभ दिया जाए। उनके चयन में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं ईमानदारी रखें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गलत पात्रों के चयन पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। बाढ़ से बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि 20 मई से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। समर्पित टीम तैयार कर छोटी-छोटी समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित कराएं। उन्होंने कहा कि बांधों के रेन कट एवं गड्ढों को मिट्टी डालकर भर दिया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय बोल्डर तार से बधे पत्थर से कटान बहाव (पानी) को रोका जाए। उन्होंने कहा कि बंधों पर बसे हुए व्यक्तियों को हटाने से पहले उनको ग्राम समाज की जमीन आवंटित कर सरकारी आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।जनपद के सभी पोखरे एवं तालाबों का सुंदरीकरण अमृत सरोवर योजना के तहत कराएं। सभी निराश्रित गोवंश को गौ आश्रय स्थल पर रखना सुनिश्चित करें। अस्पताल में शुद्ध पेयजल एवं साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मरीजों को सभी दवाएं अस्पताल से ही दी जाएं। आगामी कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए ऑक्सीजन के सारे प्लांटों की जांच कर क्रियाशील करें। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराना सुनिश्चित करें। कायाकल्प योजना के तहत स्कूलों की चहारदीवारी, पानी, फर्नीचर तथा टाइल्स आदि लगाया जाना सुनिश्चित करें। मंत्री द्वारा अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस मौके पर मंडलायुक्त वीवी पंत, डीआईजी अखिलेश कुमार, डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी अनुराग आर्य, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला आदि उपस्थित थे।
विज्ञापन

प्रभारी मंत्री के निर्देश पर स्कूल में अनुपस्थित मिली दो शिक्षिकाएं, निलंबित
आजमगढ़। दो दिनों से जिले में दौरे पर आए प्रभारी मंत्री संजय निषाद ने शनिवार दिन में करीब 12 बजे नगर के कंपोजिट विद्यालय मड़या का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय बंद पाया गया। इस मामले में अनुशासनहीनता व लापरवाही के कारण इस स्कूल में तैनात शिक्षिका ममता राय व शिक्षिका शकीला खातून को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रकरण में खंड शिक्षा अधिकारी सविता राव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। आजमगढ़ के प्रभारी मंत्री संजय निषाद पिछले दो दिनों से जिले में निवास कर रहे हैं। वह जिले में अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर समस्याओं को जान रहे और निस्तारण के लिए संबंधित को निर्देश दे रहे हैं। शनिवार को प्रभारी मंत्री संजय निषाद के औचक निरीक्षण में जिले के नगर क्षेत्र का विद्यालय बंद पाया गया। नगर क्षेत्र के मड़या स्थित कंपोजिट विद्यालय में निरीक्षण करने पहुंचे प्रभारी मंत्री संजय निषाद विद्यालय पहुंचे तो ताला लगा देख हतप्रभ रह गए। प्रभारी मंत्री ने कंपोजिट विद्यालय में कार्यरत शिक्षिकाओं को निलंबित करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह को दिए। साथ ही जिले में शिक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, जिससे इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को किसी प्रकार की समस्याएं न आए।
कांशीराम कालोनी वासियों की समस्या दूर करने का दिया निर्देश
आजमगढ़। मंत्री, मत्स्य विभाग, उप्र शासन एवं जिले के प्रभारी मंत्री डा. संजय कुमार निषाद ने शनिवार को जनपद भ्रमण के दूसरे दिन नगर पालिका आजमगढ़ में स्थित पुरानी जेल में बने गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. वीरेंद्र सिंह ने गौ आश्रय स्थल की व्यवस्था, पशुओं के चारे, पानी एवं भूसे की पर्याप्त उपलब्धता के संबंध में अवगत कराया। कांशीराम आवास परिसर का भ्रमण किया तथा वहां निवास करने वाले लोगों से उनकी समस्याएं भी सुनी। कॉलोनी वासियों ने उन्हें परिसर की गंदगी, बिजली के खंभे एवं लटकते हुए तारों की समस्याओं से अवगत कराया। आवास में रहने वाले लोगों ने उन्हें बताया कि नालों की सफाई नहीं होती है। इस पर मंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को नाली की सफाई कराने का निर्देश दिया। कॉलोनी वासियों ने उनसे स्वच्छ पानी एवं स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की। उन्होंने आश्वस्त किया कि आप लोगों की जो भी समस्या हैं, उसे गंभीरता से लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर आपकी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। मड़या में भ्रमण के दौरान साफ-सफाई एवं जन समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें