बलिया से लखनऊ वाया आजमगढ़ तक सिक्स लेन सड़क निर्माण और इसके आसपास उद्योग और किसान मंडी आदि लगाने की घोषणा से गदगद सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष आवास पर बैठक की। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किा।
बता दें कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा मंगलवार को लखनऊ, सुल्तानपुर वाया आजमगढ़ होते हुए बलिया तक सिक्स लेन सड़क निर्माण और अधिक सुविधा बढ़ाए जाने की घोषणा की गई है। फोरलेन के अतिरिक्त बनने वाले इस मार्ग का नाम समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे रखा गया है।
इस तरह उक्त क्षेत्र के लोगों को दोहरी सुविधा का लाभ मिलेगा कारण कि फोरलेन के बाद यह सड़क अलग बनाई जाएगी। यह मार्ग लखनऊ से बलिया के बीच 348 किमी लंबा 120 मीटर चौड़ा होगा।
उन्होंने यह भी कहा है कि उक्त हाइवे के आस पास के क्षेत्र में लघु उद्योग, डेयरी, मंडी आदि स्थापित की जाएगी ताकि रोजगार के अवसर उत्पन्न हो सकें।
कहा कि प्रदेश सरकार के विकास के कार्यक्रम से प्रदेश में उसकी साख बेहतर हो गई है। कहा कि आगामी विधानसभ्ाा चुनाव में सपा अपने बलबूते पर विकास के नाम पर सरकार बनाएगी। सभी वर्गों के लोगों को उसे सहयोग मिलेगा।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष आवास में आयोजित बैठक में सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के इस फैसले पर हर्ष व्यक्त किया है।
विधानसभा अध्यक्ष गोपालपुर डा. हरिराम सिंह यादव, ब्लाक प्रमुख विजय यादव, जिला सचिव एसके सत्येन ने संयुक्त रुप से कहा कि सिक्स लेन सड़क बनने से जिले में विकास का नया आयाम स्थापित होगा। इससे जहां विकास होगा तो रोजगार भी मिलेगा।
इस मौके पर मुस्तजाब आलम, रामश्रय राय, रामशबद यादव, गिरीश मौर्या, आनंद गुप्ता, हकीम बेग, संतलाल विश्वकर्मा, गुलाब यादव, केदार यादव, नाटे यादव, रामअवध यादव, नंदलाल यादव, आशुतोष शर्मा, पारस चौहान, राजेश साहनी आदि उपस्थित थे।