कंधरापुर थाना क्षेत्र के मद्धुपुर पोखरा के पास एनएच 233 पर सांड़ से टकरा कर बाइक पलट गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से मऊ जिले के रहने वाले संजय सिंह (55) पुत्र स्व. जगबहादुर सिंह कंधरापुर थाना क्षेत्र के आखापुर गांव स्थित साधन सहकारी समिति पर सचिव के पद पर तैनात थे। बुधवार को ड्यूटी से छूटने के बाद वह किसी निमंत्रण में चले गए और देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वे मद्धुपुर गांव स्थित पोखरे के पास ही पहुंचे थे कि अचानक बाइक के आगे सांड़ आ गया। जिससे टकरा कर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में संजय सिंह गंभीर घायल हो गए। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था होती तब तक उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक शहर के लछिरामपुर में अपना मकान बनवा कर परिवार के साथ रहते थे। वह एक पुत्र व एक पुत्री के पिता थे। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।