परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज के छात्रों ने सोमवार को महाविद्यालय गेट के सामने चक्काजाम कर दिया। सूचना पर नगर कोतवाल मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया।
सत्र 2015-16 में परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ाए जाने की मांग को लेकर महाविद्यालय के छात्रों ने सोमवार को महाविद्यालय गेट पर चक्काजाम कर दिया। छात्रों का कहना था कि अभी बहुत से छात्र और छात्राएं परीक्षा फार्म भरने से वंचित हैं। वहीं बहुत से ऐसे हैं जिन्होंने फार्म भर लिया है लेकिन जमा नहीं कर पाए हैं।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा फार्म भरने की तिथि 24 दिसंबर निर्धारित थी। तिथि बढ़ाने के लिए कई बार विश्वविद्यालय को पत्र भेजा, पुतला फूंका और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद भी वेबसाइट नहीं खुली। कहा कि अगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल ईशा खां मौके पर पहुंच गए। छात्रों को आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया। इस मौके पर विशाल चंद्र यादव, लालजीत यादव, रोहित शर्मा, अंकित यादव, शम्स तबरेज, बृजेश राजभर, नासिर खान, आरएस चौहान आदि उपस्थित थे।