पल्हनी ब्लाक की वार्षिक बैठक को संबोधित करते ब्लाक प्रमुख प्रमोद यादव।
चक्रपानपुर। पल्हनी ब्लॉक की वार्षिक विकास बैठक शुक्रवार को हंगामेदार रही। बिना तैयारी और अधूरी जानकारी लेकर आए अधिकारियों को ब्लॉक प्रमुख प्रमोद यादव ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। खंड विकास अधिकारी समेत कई अफसरों को सदस्यों ने ‘’गैरजिम्मेदार’’ करार दिया। अनुपस्थित एजेंडा अधिकारी और अनुत्तरित सवालों ने माहौल और गरम कर दिया। बैठक में विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ का बजट पास किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना, पौधरोपण, ग्राम सचिवालय, शौचालय, जिम और गोशाला समेत कई ग्राम पंचायतों के ज्वलंत मुद्दों पर तीखी बहस हुई। अधिकारियों के संतोषजनक जवाब न देने से सदस्य नाराज रहे। पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत 102 प्राथमिक विद्यालयों में आरओ वाटर सिस्टम और सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ। महाप्रधान पप्पू यादव ने आजमगढ़ विकास प्राधिकरण पर 159 ग्रामों में अवैध ध्वंस और नक्शा वसूली का आरोप लगाते हुए एडीए के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कराया। ब्लॉक प्रमुख ने जनता प्रतिनिधियों से चुनाव से पहले विकास रणनीति बनाने और ग्राम पंचायतों को व्यवस्थित ढंग से विकसित करने का निर्देश दिया। सदस्यों ने शिकायत की कि सहायक पंचायतों में कोई बैठता ही नहीं, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। अरीमुद्दीनपुर ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण का फंड न पहुंचने पर उठे सवाल पर ग्राम पंचायत अधिकारी ने बताया कि पत्रावली भेज दी गई है, लेकिन बजट की कमी के कारण रुका हुआ है। सेहदा ग्राम पंचायत में सहायक पद की कमी पर भी जवाब असंतोषजनक रहा। करीमुद्दीन ग्राम पंचायत में जिम निर्माण और गोशाला के मुद्दे पर बहस गर्म रही। गोशाला में चार महीने से केवल केयरटेकर के वेतन पर सवाल उठे। इस पर अधिकारियों ने कहा कि कुछ कारणों से विलंब हो रहा है, जल्द सारे बाकी पेमेंट किए जाएंगे।
बीडीओ राजेश सिंह यादव ने बैठक में कहा कि हम सब अधिकारी जन प्रतिनिधियों के माध्यम से ही सरकार की मंशा के अनुरूप कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आप सभी जनता प्रतिनिधियों को ध्यान में रखते हुए कार्य किए जाएंगे।