बरहतीर जगदीशपुर गांव में गुरुवार की रात फसल की बर्बादी के सदमे में एक किसान की मौत हो गई। किसान ने 10 बोझ गेहूं की मड़ाई की थी, जिसमें सिर्फ एक किलो गेहूं निकला था। शुक्रवार की सुबह एसडीएम सदर और राजस्व टीम के सदस्य किसान के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को ढाढ़स बंधाया।
गुरुवार की रात दस बजे श्यामधारी (62) अपने बड़े पुत्र अनिल यादव के साथ ट्यूबवेल पर पहुंचे और गेहूं की फसल की मड़ाई शुरू कर दी। अनिल के मुताबिक दस बोझ की मड़ाई में मात्र एक किलो गेहूं निकला। यह देख श्यामधारी गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। अनिल की चीख सुनकर गांव के लोग भी पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि मौसम की मार के चलते इस साल फसल बर्बाद हो गई है।
उधर, श्यामधारी की मौत की सूचना मिलने पर जहानागंज थाने की पुलिस रात को ही मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार की सुबह बसपा विधायक शाहआलम, एसडीएम सदर एके सिंह, सपा नेता चंद्रशेखर यादव आदि मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को ढाढ़स बंधाया।
दोपहर में तेज हवा के साथ हुई बारिश ः लाटघाट/मालटारी। सगड़ी तहसील क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे गेहूं की मड़ाई बाधित हो गई, वहीं खेतों में गेहूं के बोझ भीग गए। दूसरी तरफ कुछ स्थानों पर तेज हवाआें के चलते बिजली के खंभों सहित पेड़ की डालियां टूट गईं।
शुक्रवार की अपराह्न तीन बजे के सगड़ी तहसील के अजमतगढ़ ब्लाक क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश के कारण गेहूं की फसल को जहां नुकसान पहुंचा। क्षेत्र के भरौली, डिघवनिया, चौको, पारनकुंडा, सतना, मुहम्मदपुर, मिश्रपुर, बलुआ आदि गांवों में क्षति हुई।
बैरीडाड के किसान रामहित, रामहरी, दशरथ, बेचन ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की। उधर, तेज हवाओं के चलते गई जगह पेड़ों की डालियां टूट गईं। महुला क्षेत्र में बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।