आजमगढ़ जिले के सिधारी और निजामाबाद थाने की पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर एक विक्षिप्त महिला और पुरुष को पीटने वाले दस लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है।
विज्ञापन
एसपी सिटी पंकज पांडेय के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सिधारी थाने के छतवारा गांव निवासी वीरेंद्र यादव, बयासी गांव निवासी अब्दुल नियाज, जमदहा थाने के राहुल चतुर्वेदी और बयासी गांव निवासी रहमान अहमद हैं। एसपी सिटी ने बताया कि यह चारों लोग सोमवार की रात करीब दस बजे छतवारा मोड़ के पास बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर एक विक्षिप्त दिव्यांग को पीट रहे थे।
पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद दिनेश सिंह ने अपनी टीम के साथ मंगलवार को शाहपुर गांव के पास से निजामाबाद थाने के शाहपुर गांव निवासी शिवकुमार उर्फ बहिरा, रामबली, भुआल, रामफेर, कैलाश और टिल्ठू को गिरफ्तार किया। यह सभी बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर एक महिला को पीट रहे थे।
गिरफ्तार इन सभी आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया है। एसपी सिटी ने बताया कि बच्चा चोरी का मामला महज अफवाह है। कुछ असामाजिक तत्व ये अफवाह फैलाकर भय और दहशत का माहौल बना रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।