आजमगढ़। जिले में बुधवार की शाम को आई आंधी और पानी से कई क्षेत्रों में पेड़, 16 बिजली के खंभे टूट गए। तेज हवा के कारण पांच ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
इस कारण 25 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अधीक्षण अभियंता गौरव तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह तक 17 गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल हो चुकी थी। पेड़ गिरने से बिलरियागंज और मार्टीनगंज में करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
फूलपुर और मार्टीनगंज में रातभर बिजली नहीं रही। बरदह क्षेत्र में सरायमीर-गंभीरपुर मार्ग, नंदाव मार्ग, रेवला गांव और गंभीरपुर मार्टीनगंज मार्ग पर पेड़ गिर गया। इससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। छित्तेपुर-नंदाव मार्ग स्थित बाजार में पुराना पेड़ खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर पड़ा।
शहीद कृपाशंकर यादव मार्ग पर एक मकान का छज्जा गिर गया, जबकि नंदाव गांव में कमला पांडेय के आटा चक्की पर लगा टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। आंधी से गोठांव उपकेंद्र के गोसड़ी, गोठांव, धंगवल, लेड़ूआवर, अरारा, इनावभार, बेलऊ आदि गांवों की बिजली ठप हो गई।
अंबारी क्षेत्र में भेड़िया, बिहटा, मुंडवर, हेमईपुर, पूरानाजिर, भड़रिया, अंजान शहीद, डारीडीहा गांव में 24 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। एसडीओ भूप सिंह ने कहा कि खंभा और ट्रांसफॉर्मर आते ही बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी। सियरहा गांव के पास सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चांदपुर में हाईमास्ट लाइट का खंभा गिर गया। दीदारगंज क्षेत्र के मोलनापुर गांव में एक साथ चार पेड़ गिरने से निर्मला यादव का पशुशाला, हैंडपंप और पक्का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। संवाद