उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (रामजन्म सिहं गुट) के तत्वावधान में बुधवार को तहसील परिसर मेें लालगंज और मेहनगर के शिक्षकों का तहसील स्तरीय सम्मेलन श्रीकृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कालेज में आयोजित किया गया। सम्मेलन में शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने शिक्षकों से एकजुट होने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष रामजन्म सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा सरकार और शासन की उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने वित्तविहीन विद्यालयों के अध्यापकों की दयनीय स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि इन अध्यापकों को अविलंब सम्मानजनक मनादेय दिया जाना चाहिए। उन्होंने सहायता प्राप्त विद्यालयों में रिक्त पदों को भी अविलंब भरे जाने की मांग की। प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक समस्याओं के निस्तारण को लेकर 23 जुलाई को जीपीओ पार्क लक्ष्मण मैदान लखनऊ पर विशाल धरना देकर संघर्ष की शुरुआत कर दी गई है।
वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्यामनरायन सिंह ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं का जब तक निस्तारण नहीं होता है संगठन शांत नहीं बैठेगा। उन्होंने वित्त विहीन शिक्षकों से एकजुट होकर संघर्ष को मजबूती प्रदान करने की अपील की। सम्मेलन को जिलाध्यक्ष इरफान अहमद, शेर बहादुर सिंह यादव, पंकज सिंह, जयप्रकाश सिंह आदि ने भी संबोधित किया।
अध्यक्षता पूर्व प्रवक्ता जनार्दन सिंह, संचालन गिरीश सिंह और आभार विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. प्रमोद कुमार सिंह ने किया। सम्मेलन में हरिशंकर सिंह, बब्बन सिंह, जामवंत निषाद, तिलकधारी यादव, अशोक सिहं, जयराम गुप्ता, दिनेश प्रताप सिंह, छोटेलाल पांडेय, चंदन सिंह, रामअवतार सिंह मौजूद थे।