21 पाेखरे में डूबने से मृत शुभम सिंह की फाइल फोटो। संवाद
बूृढ़नपुर। छठ पर्व की खुशियों के बीच एक परिवार में मातम छा गया। अतरौलिया थाना क्षेत्र के पौहारी की सरैया स्थित पोखरी में सोमवार को नहाने के दौरान 16 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक की पहचान शुभम सिंह (16 वर्ष) निवासी कबीरुद्दीनपुर के रूप में हुई है। परिजन रविवार सुबह बाबा पौहारी जी के स्थल पर कड़ाही चढ़ाने गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे शुभम नहाने के लिए पोखरी में उतर गया। नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मां संगीता देवी अपने बेटे की मौत से सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शुभम को पोखरी से बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी रानीपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा और कक्षा दसवीं का छात्र था।