आजमगढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार और बृहस्पतिवार को मां ललिता सीनियर सेकेंडरी स्कूल, करूई में किया गया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में टीम वीर शिवाजी और बालिका वर्ग टीम सरोजिनी नायडू विजयी रही।
प्राचार्य शकुंतला यादव ने कहा कि जीवन में यदि सफलता प्राप्त करनी है तो लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासनपूर्वक और निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य रामसकल यादव ने किया। मुख्य अतिथि रामसकल यादव ने युवाओं को पढ़ाई के साथ-खेलों में भी भाग लेने की प्रेरणा दी।
200 मीटर बालिका दौड़ में रिया यादव प्रथम, अंकिता द्वितीय और श्रेयांशी तृतीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में मोहम्मद अनस प्रथम, जमशेद द्वितीय और शिवम तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की लंबी कूद में अंशु यादव प्रथम, रिया यादव द्वितीय और रोली तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में सलीम प्रथम, शुभम द्वितीय और नितिन तीसरे स्थान पर रहे। वहीं कबड्डी में भी खिलाड़ियों ने दम दिखाया।