यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में ड्यूटी लगाने के लिए माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों का पूरा ब्योरा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। परिषद ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 15 नवंबर तक यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसी विवरण के आधार पर शिक्षकों के कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र तैयार किए जाएंगे और परीक्षा में उनकी ड्यूटी निर्धारित होगी।
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जनपद में परीक्षा के लिए 232 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों की सूची पर कुल 402 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। फिलहाल इनके निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इस बार हाईस्कूल में 83,026 और इंटरमीडिएट में 79,176 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायकों और प्रयोगात्मक परीक्षा के परीक्षकों की नियुक्ति ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से की जाती है। इसके लिए सभी माध्यमिक विद्यालयों को शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। विवरण में शिक्षक का नाम, पदनाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, मोबाइल नंबर और अध्यापन का विषय दर्ज करना होगा। शिक्षक की नियुक्ति जिस कक्षा के लिए हुई है, उसी के अनुरूप अध्यापन विषय का कोड भी दर्ज करना अनिवार्य है।
परिषद ने 15 नवंबर तक सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में डाटा अपलोड नहीं करने या इसमें लापरवाही बरतने वाले प्रधानाचार्यों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - अजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।