आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) की बैठक बुधवार को मुकेरीगंज स्थित कार्यालय में हुई। सभी ने एक स्वर से पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की।
कार्यवाहक जिलाध्यक्ष जामवंत निषाद ने कहा कि पुरानी पेंशन शिक्षक-कर्मचारियों का अधिकार है और संगठन अपने संघर्ष के दम पर इसे लेगा। कहा कि सांसद, विधायक जो केवल पांच वर्ष के लिए चुने जाते हैं, उनको पुरानी पेंशन और पारिवारिक पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। वहीं, देश और समाज के लिए पूरा जीवन देने वाले शिक्षक-कर्मचारियों को सेवानिवृत्त के बाद पुरानी पेंशन नहीं दी जा रही है। इसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। जरूरत पड़ी तो पुरानी पेंशन के लिए जेलों को भी भरा जाएगा। जिला मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार ने सांसदों के महंगाई भत्ते में 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है जबकि शिक्षक-कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में केवल दो प्रतिशत की वृद्धि की जाती है। कुछ वस्तुओं की खरीदारी पर सांसदों, विधायकोें को सरकार विशेष रियायत देती है। जबकि शिक्षक- कर्मचारियों के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। इस मौके पर रामजन्म सिंह, शेर बहादुर सिंह यादव, अबरार अहमद, अतुल सिंह, अमित श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, राधेश्याम राजभर आदि मौजूद रहे।