Azamgarh News: कंपोजिट विद्यालय देहदुआर में तैनात सहायक अध्यापक राजकुमार गौतम को बर्खास्त कर दिया गया है। फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी करने के मामले में बीईओ मार्टीनगंज ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
आजमगढ़ जिले में मार्टीनगंज विकास क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय देहदुआर में तैनात सहायक अध्यापक राजकुमार गौतम को फर्जी व कूटरचित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। मामले में बीईओ मार्टीनगंज ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी है।
विज्ञापन
बीईओ अश्वनी सिंह ने बताया कि राजकुमार गौतम की नियुक्ति वर्ष 2016 में तत्कालीन बीएसए के आदेश पर हुई थी। नियुक्ति के समय यह स्पष्ट शर्त रखी गई थी कि यदि प्रस्तुत प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाए जाते हैं तो नियुक्ति स्वतः निरस्त मानते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की शुरुआत मऊ निवासी जयप्रकाश की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि शिक्षक फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र पर नौकरी कर रहे हैं। मामला डीएम शिकायत प्रकोष्ठ पहुंचने के बाद जांच बीईओ मार्टीनगंज को सौंपी गई।
जांच के दौरान शिक्षक पात्रता परीक्षा-2013 के अनुक्रमांक का सत्यापन परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज से कराया गया। विभाग से प्राप्त रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि संबंधित अनुक्रमांक कार्यालय अभिलेखों में आवंटित ही नहीं था। शिक्षक द्वारा पुनः सत्यापन की मांग पर दोबारा जांच कराई गई, जिसमें भी प्रमाणपत्र फर्जी और कूटरचित पाया गया। इसके बाद बीएसए ने नियुक्ति को नियुक्ति तिथि से शून्य घोषित करते हुए शिक्षक की सेवा समाप्त कर दी और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बरदह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बीईओ ने बताया कि आरोपी शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है। उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। इसके बाद रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।