आजमगढ़। परिषदीय विद्यालय पर तैनात एक और फर्जी शिक्षिका की पहचान हुई है। शिक्षिका जीजीआईसी नोएडा में तैनात एक प्रवक्ता का डॉक्यूमेंट लगा कर नौकरी कर रही थी। प्रवक्ता की शिकायत पर शुरू हुई जांच के बाद बीएसए कार्यालय से नोटिस भेजे जाने पर शिक्षिका मेडिकल लगाकर गायब हो गई है।
गौतमबुद्ध नगर नोएडा के राजकीय बालिका इंटर कालेज होसियापुर पर संतकबीर नगर खलीलाबाद निवासी रिंकी सिंह बतौर प्रवक्ता रसायन विज्ञान तैनात है। आईटीआर भरने के दौरान उनका पैन नंबर दो स्थानों पर वेतन उठाने की बात सामने ला रहा था। पता करने पर ज्ञात हुआ कि आजमगढ़ जिले में किसी परिषदीय विद्यालय में तैनात शिक्षिका भी उन्हीं का पैन नंबर इस्तेमाल कर रही है। इस पर प्रवक्ता रिंकी सिंह ने बीएसए के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि अतरौलिया के प्राथमिक विद्यालय भिउरा पर भी एक रिंकी सिंह नाम की शिक्षिका तैनात है। वो वही पैन नंबर इस्तेमाल कर रही है। इतना ही नहीं नियुक्ति के दौरान उसने जो दस्तावेज व पता दिया था वो प्रवक्ता रिंकी सिंह का था। इस पर बीएसए कार्यालय से प्रावि भिउरा पर तैनात शिक्षिका रिंकी सिंह को नोटिस भेजी गई। नोटिस मिलने के बाद ही फर्जी शिक्षिका मेडिकल लगा कर अवकाश पर चली गई और तब से वह विद्यालय नहीं आई। उसने जो पता दिया वह भी प्रवक्ता रिंकी सिंह का है। इस वजह से घर पर भी विभाग नोटिस नहीं भेज पा रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है।
प्रावि भिउरा पर तैनात रिंकी सिंह ने जो डॉक्यूमेंट लगाए हैं उसकी जांच कराई जा रही है। ज्यादातर डॉक्यूमेंट नोएडा में तैनात प्रवक्ता रिंकी सिंह के ही लगे हुए है। उन्हीं का पैन नंबर भी इस्तेमाल किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर नोटिस भेजने के बाद से वह फरार है, उसकी तलाश कराई जा रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। - देवेंद्र कुमार पांडेय, बीएसए