आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान माह को लेकर बैठक हुई। इसमें सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की जिला टास्क फोर्स भी शामिल रही। झुग्गी-झोपड़ियों, ईट-भट्टों पर काम करने वालों के बच्चों को खुराक पिलाने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 18 सितंबर से शुरू हो रहा है। इसके तहत जिले के 0-5 वर्ष तक के 634782 बच्चों के पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जानी है। इसके लिए 2396 बूथ बनाए गए हैं। 1154 टीमें डोर-टू-डोर जाकर खुराक पिलाएंगी। 49 ट्रांजिट टीमें एवं 19 मोबाइल टीमें भी काम करेंगी।
डीएम ने समस्त एमओआईसी को निर्देश दिया कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले, ईट-भट्टों, रेलवे स्टेशनों पर रहने वाले 0-5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। जिसमें कोई भी बच्चा पोलिया ड्राप से वंचित न रहे। पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर उपलब्ध कराएं। कहा कि पिछली बार जिन-जिन केंद्रों पर प्रगति खराब रही हो, वहां पर विशेष जोर दिया जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत समीक्षा की। निर्देश दिया कि समस्त नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं सभी मार्गों पर फागिंग एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि निगरानी समितियों के माध्यम से संचारी रोग एवं दस्तक अभियान का प्रचार-प्रसार कराया जाए। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाम नालियां को साफ कराया जाए।