अनिरुद्ध कुमार प्रजापति (दर्जी) की फाइल फोटो। संवाद
बलरामपुर। कंधरापुर थाना क्षेत्र के अनवरगंज बाजार में बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार एक दर्जी की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे कार चालक को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। महराजपुर गांव निवासी अन्नू प्रजापति ने बताया कि उनके पिता अनिरुद्ध कुमार प्रजापति (72) अनवरगंज बाजार में कपड़ों की सिलाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह साइकिल समेत सड़क की दूसरी पटरी पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची कंधरापुर पुलिस चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई और पूछताछ शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनिरुद्ध को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अनिरुद्ध एक पुत्र के पिता थे। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि पीड़ित पुत्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।