निजामाबाद। थाना क्षेत्र के नेवादा पुलिया नाले में मंगलवार की रात एक युवक घायलावस्था में पड़ा मिला। जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर घर पहुंचे तो कुछ ही देर बार उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। निजामाबाद क्षेत्र के परवेजाबाद निवासी अशोक यादव (25) मजदूरी का काम करता था। रोज की भांति वह मंगलवार को भी मजदूरी करने गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू किया। इसी दौरान नेवादा पुलिया के नीचे नाले में वह घायलावस्था में पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और फिर उसे नाले से निकाल कर इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताया और हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे लेकर घर चले आए और घर पर कुछ ही देर बाद अशोक ने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता हरिलाल मूक बधिर है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।