आजमगढ़। फूलपुर स्थित पुराना पावर सब स्टेशन में 10 एमबीए प्रथम ट्रांसफार्मर में फिल्ट्रेशन कार्य के चलते शनिवार की शाम सात बजे से बिजली की आपूर्ति बंद हो गई। जिसके कारण बिजली और पानी को लोग तरस गए। गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल हो गया। हालांकि दूसरे दिन फिल्ट्रेशन का कार्य संपन्न होने पर बिजली आपूर्ति की गई। लेकिन ब्रेक डाउन के चलते सैकड़ो गांव में बिजली नहीं पहुंची। पुराने पावर सब स्टेशन के 10 एमबीए प्रथम ट्रांसफारमर से वेस्ट, नार्थ और अंबारी फीडरों को बिजली आपूर्ति की जाती है। आए दिन लो वोल्टेज के चलते लोग परेशान थे। बिजली विभाग ने रिसव ऑयल कंपनी वाराणसी से अनुबंध के तहत शनिवार की शाम सात बजे से फिल्ट्रेशन का कार्य शुरू किया गया जो दूसरे दिन 12:20 बजे तक चला। इस बीच वेस्ट, नार्थ और अंबारी की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके चलते इस उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरो में पानी समाप्त हो गया। कई जन सेवा केंद्र प्रभावित रहे। फिल्ट्रेशन का कार्य समाप्त होने पर लगभग 1 बजे तीनो फीडरों की बिजली चालू की गई तो वेस्ट फीडर ब्रेक डाउन के चलते लाइन होल्ड नहीं हो सकी। पावर स्टेशन के एसएसओ सुभाष विंद ने बताया कि एक बजे के करीब सभी फीडरों की आपूर्ति चालू कर दी गई है।