मेजवां। गर्मी में ट्रेनों में हो रही भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने आजमगढ़ के रास्ते जोधपुर से मऊ 11 ट्रिप और मऊ से जोधपुर 11 ट्रिप समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। इससे बाहर से घर आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
रामनवमी के बाद मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो गया है। जिले के हजारों लोग राजस्थान के कई शहरों में रहकर नौकरी करते हैं। लेकिन भीषण गर्मी में ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से यात्रियों को काफी परेशानी होती है। ऐसे में रेलवे द्वारा समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला सराहनीय माना जा रहा है। समर स्पेशल (04815) ट्रेन 21 अप्रैल से 30 जून तक जोधपुर से शाम को 5:30 बजे प्रत्येक रविवार को चलकर दूसरे दिन सोमवार को शाहगंज रात 8: 30 बजे, खुरासन रोड 9:30, आजमगढ़ 10:13 बजे और मऊ 11:20 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह वापसी में मऊ से समर स्पेशल (04816) ट्रेन 23 अप्रैल से 2 जुलाई तक मऊ से प्रत्येक मंगलवार को भोर में 4:00 बजे चलकर मोहम्मदाबाद 4:30 बजे, आजमगढ़ 5:03 बजे, खुरासन रोड 5:45 बजे, शाहगंज 6:10 बजे पहुंचेगी। ट्रेन अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, फर्रुखाबाद, जयपुर होते हुए जोधपुर दूसरे दिन बुधवार को सुबह 8: 55 बजे पहुंचेगी। रेल सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य शाह आलम कुरैशी ने बताया कि बीस कोच की चलने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। मंडल वाणिज्य निरीक्षक मिथिलेश कुमार ने बताया जोधपुर-मऊ ट्रेन चलने की सूचना प्राप्त हुई है।