बलरामपुर। जिले में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम का शुभारंभ बृहस्पतिवार को जिला महिला चिकित्सालय में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने किया। इस दौरान प्रथम दो लाभार्थी बालिकाओं सुदीक्क्षा राय एवं अंशिका प्रकाश उपाध्याय को एचपीवी वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। दोनों बालिकाओं ने 14-15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे इस वैक्सीन को अवश्य लगवाएं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। यह टीकाकरण 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए निःशुल्क उपलब्ध है। यह सुविधा सोमवार से शनिवार, प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला महिला चिकित्सालय में प्रदान की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें सुरक्षित भविष्य दें। अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।