महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता में मौजूद छात्र-छात्राएं। श्रोत-विवि
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को ‘ नशा व्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं, समाज के लिए चुनौती है विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना रहा।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार के संरक्षण में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने नशे से होने वाली सामाजिक, आर्थिक और नैतिक समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. अजित प्रसाद राय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसलिए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाकर सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। ज्यूरी सदस्य डॉ. हिमांशु शेखर, डॉ. रोहित पांडेय, डॉ. अभय सिंह और डॉ. शिवानी सिंह ने प्रतिभागियों के तर्क, प्रस्तुतीकरण, विषय की समझ आदि के आधार पर मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. मनीषा सिंह ने किया।