सगड़ी तहसील क्षेत्र के गंगा गौरी महाविद्यालय रामनगर बैजाबारी में रविवार को 25वें जनपदीय रोवर्स रेंजर्स समागम का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद में 14 विद्यालयों के रोवर्स रेंजर्स ने भाग लिया। समागम के मुख्य अतिथि आईएएस अवनीश अवस्थी और गायिका पत्नी मालिनी अवस्थी ने मार्च पास्ट की सलामी ली।
ध्वजारोहण के बाद बच्चों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस दौरान बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आईएएस अवनीश अवस्थी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों के मानस पटल पर ऊर्जा का संचार होता है। पद्मश्री लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने कहा कि अपने कर्तव्यों का पालन कर आप अपने जीवन में ऊंचाई को प्राप्त हो सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि बोर्ड आफ डायरेक्टर ऑफ महेश ट्यूटोरियल एजुकेयर मुंबई की डा. छाया शास्त्री ने कहा कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ साथ पाठ्येत्तर गतिविधियों का बड़ा ही महत्व है। जैसे एनएसएस, एनसीसी और रोवर्स रेंजर्स इस जीवन को समझने का एक अवसर उपलब्ध कराता है।
अध्यक्षता करते हुए डा. कुबेर मिश्र ने कहा कि स्काउटिंग सही मायने में जीवन जीने की कला सिखाता है। इस मौके पर डा. गयास असद खां, डा. शफीउज्जमा, अवधेश कुमार यादव, धर्मवीर चौहान, आलोक चतुर्वेदी, अजय यादव आदि उपस्थित थे। संचालन डा. घनश्याम दुबे और डा. शफीउज्जमा ने किया।
मालिनी अवस्थी ने गायकी से बांधा समां : लोकगीत गायिका और पद्म श्री पुरस्कार विजेता मालिनी अवस्थी ने इस दौरान ‘रेलिया बैरन पिया को ले जाए रे’ सहित अन्य गीतों से ऐसा समां बांधा कि वहां उपस्थित सभी लोग झूमने लगे। मालिनी अवस्थी ने बच्चों के साथ उनके सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और उन पर जमकर हौसलाआफजाई की।