छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर शिब्ली महाविद्यालय के छात्रों ने मंगलवार को सुबह महाविद्यालय गेट के सामने चक्काजाम कर दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल ईशा खां ने छात्रों को आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया।
धरने के दौरान छात्रों का कहना है कि कालेज के अभी 60 प्रतिशत छात्र-छात्राओं के ही फार्म भरे जा सके हैं। बाकी लोगों अभी भी फार्म भरने से वंचित हैं।
तिथि बढ़ाने की मांग कई बार जिला प्रशासन से कर चुके हैं लेकिन अभी तक आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। जिसके कारण मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल ईशा खां मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त कराया।
उधर, छात्रों ने कहा कि अगर आश्वासन के बाद भी छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के आवेदन की तिथि नहीं बढ़ाई गई तो छात्र और छात्राएं उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर अब्दुर रहमान, शम्स तबरेज, अल्फसहर, मोहम्मद राशिद, हारिस उस्मानी, मोहम्मद अली, मोहम्मद फरहान, आशीष कुमार, मोहम्मद अजहरूद्दीन, अहमद फराज, मोहम्मद बेलाल, मोहम्म्द अबूशाद, सरताज इद्रीशी आदि उपस्थित थे।