स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकले हाईस्कूल छात्र की सोमवार को गोहनरपुर के पास ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचलीपुर गांव निवासी मुन्ना पांडेय का पुत्र अंकुर पांडेय (18) अतरौलिया स्थित पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। सोमवार को वह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था।
अपने साथी प्रवेश पांडेय निवासी अचलीपुर और आजम अली निवासी गोरथानी के साथ स्प्लेंडर बाइक से अंबेडकरनगर के आलापुर थाना क्षेत्र के लखमीपुर स्थित प्रवेश के ननिहाल जा रहा था। तीनों बाइक से रामनगर-न्योरी मुख्य मार्ग पर गोहनरपुर के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। अंकुर पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार प्रवेश पांडेय और आजम अली गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ अंकुर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक को कब्जे में लेकर आलापुर कोतवाली में खड़ा करा दिया है। अंकुर की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए।
बेटे की मौत से मां मनोजा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मुन्ना पांडेय खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अंकुर दो भाइयों में बड़ा था।