आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के पांडेपुरा गांव के पास मंगलवार को ट्रक से कुचलकर छात्र की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रघुवीरपुर परिसिनिया गांव निवासी छात्र रणवीर यादव (18) पुत्र अवधेश यादव कक्षा 11 का छात्र था। प्रतिदिन वह कोचिंग पढ़ने जाता था। मंगलवार को भी वह कोचिंग पढ़ने के लिए गया था। कोचिंग से शाम को वापस लौटते समय पांडेपुरा गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ने उसे कुचल दिया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मेहनाजपुर हीरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष तरवां और देवगांव के साथ सीओ फूलपुर भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर आधे घंटे बाद जाम को समाप्त कराया। मृतक दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। पिता मुंबई में रहकर ऑटो चलाते हैं।