घर के नल पर मुंह धोन पहुंचे इंटर के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिवार में मातम का माहौल है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में शुक्रवार को नल पर मुंह धोते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। महराजगंज थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव निवासी परविंद गौंड (18) पुत्र बेचन गौंड शुक्रवार दोपहर दो बजे अपने घर पर नल पर मुंह धो रहे थे।
विज्ञापन
इस दौरान नल में करंट उतरने से वह करंट की चपेट में आकर झुलस गए। गंभीर हालत देख परिजन उसे तुरंत महराजगंज अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक परविंद 12वीं का छात्र था और अपने दो भाइयों व तीन बहनों में सबसे छोटा था। इस हादसे से परिवार और गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलने पर महराजगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।