आजमगढ़। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार की दोपहर से आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते तेज हवाएं चलने लगी और गरज, चमक के साथ तेज बारिश होने लगी। तेज हवा चलने के कारण कई स्थानों पर विद्युत पोल गिर गए तो कही पेड़ की डाले भी टूट गई। लगभग एक घंटे से अधिक हुई बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां जल जमाव हो गया और सड़क कीचड़ से सन गई। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण लोगों को वाहन चलाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था।
सगड़ी संवाददाता के अनुसार मंगलवार की दोपहर से आंधी, गरज,चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई। कई जगहों पर विद्युत पोल गिरने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बोझिया, मालटारी, रामगढ़, महुलिया, कोठिया, इमलीपुर, जीयनपुर, अजमतगढ़, अंजान शहीद, सगड़ी, बागखालिस, मनिकाडीह, बाजार गोसाईं, पकवाइनार, बांसगांव, गडेरीपट्टी, मिर्जापुर, भदांव, सुंदर सराय बल्लो, कसडा़ आइमा सहित पूरे क्षेत्र में इसका असर देखा गया। जिसके चलते आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। वही जगह जगह रास्ते में पानी जमा हो गया है। जिसके चलते लोगों को आने- जाने में परेशानी हो रही है। सोकहना खालसा गांव में विद्युत पोल गिरने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। जिसके चलते गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है गांव में अंधेरा फैला हुआ है।
मेजवां संवाददाता के अनुसार मंगलवार को सुबह झमाझम बारिश हुई। कही बूंदाबांदी तो कही अधिक बारिश से नालियां जाम हो गई। तेज हवा चलने के साथ लगातार हुई बारिश से सड़कों पर कीचड़ सने रहे। बारिश से लोगो को गर्मी में ठंडक का एहसास हुआ। मौसम खुशगवार हो गया। बारिश से फूलपुर में कई स्थानों पर जल निकासी की अच्छी व्यवस्था न होने के कारण पानी भरा रहा। वही क्षेत्र की बिजली ब्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद फूलपुर में ओपीडी के पास पानी जमा हुआ है। कैफी आजमी रोड के मोड़ पर अधिक पानी का जल जमाव है इसके चलते लोगो का आवागमन बाधित रहा। फूलपुर नगर पंचायत में कई स्थानों पर नालियां जाम होने के चलते नाली का पानी सड़क पर बहने लगा।
बिंद्राबाजार संवाददाता के अनुसार दोपहर में हुई तेज हवा के साथ हुई बरसात में मुहम्मदपुर बाजार से लेकर बिंद्रा बाजार, नेशनल इंडस्ट्रीज के बीच हालात बद से बदतर हो गए, वहीं बिंद्रा बाजार स्थित राम जानकी मंदिर के सामने ढाई से तीन फुट से ज्यादा पानी भर गया। यूनियन बैंक के सामने भी यही हालात और गौरी गली के सामने भी यही स्थिति रही है। इसके पश्चात बिंद्राबाजार करने के बाद नेशनल इंडस्ट्रीज के सामने लगभग आधा किलोमीटर तक बाढ़ जैसी स्थिति रही। भय के कारण बड़े वाहन उधर से गुजरने में डर रहे थे। अधिक बारिश के कारण दुकानदारों पर ग्राहक नहीं दिखाई दिए।